पीलीभीत: उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पश्चिम) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मोहम्मद अयान खान को उनकी संगठन के प्रति अटूट निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। पूर्व में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अयान ने संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसकी पार्टी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।पार्टी नेतृत्व को पूर्ण विश्वास है कि अयान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अलवारू, राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, और महासचिव एवं प्रभारी विशाल चौधरी व उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिम के प्रदेश अध्यक्ष,पारस शुक्ला के मार्गदर्शन में संगठन को नई गतिशीलता और मजबूती प्रदान करेंगे। उनकी यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी।इस अवसर पर मोहम्मद अयान खान ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अयान की नियुक्ति से संगठन को और अधिक बल मिलेगा। उन्होंने युवाओं को कांग्रेस के साथ जोड़ने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपनी कटिबद्धता दोहराई। उल्लेखनीय है कि मोहम्मद अयान खान को पहले रनिया विधानसभा ( हरियाणा )का चुनाव प्रभारी और पश्चिम युवा कांग्रेस का जिला पीलीभीत पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया था, जहां उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।यह नियुक्ति न केवल अयान के नेतृत्व कौशल को दर्शाती है, बल्कि उत्तर प्रदेश में युवा कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव और युवाओं के बीच पार्टी की लोकप्रियता को भी रेखांकित करती है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए अयान को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back
error: Content is protected !!