संवाददाता सूरज सागर सनसनी खबर 24
आंवला/बरेली। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर द जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकार संगठन के तत्वावधान में थाना सिरौली क्षेत्र में संगठन के सदस्य राहुल पाल के आवास पर बैठक एवं पत्रकारिता दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर प्रदेश, मंडल, जिला, तहसील एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह यादव ने कहा कि 30 मई 1826 को कलकत्ता से ‘उदन्त मार्तण्ड’ का पहला अंक प्रकाशित हुआ था, जिससे हिंदी पत्रकारिता का शुभारंभ हुआ।

उन्होंने कहा कि पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा शुरू की गई यह परंपरा आज भी पत्रकारों को सच और जनहित के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारों के दायित्वों की याद दिलाने वाला अवसर है।मंडल संरक्षक बी.एस. चंदेल ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी पत्रकारिता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज भले ही चुनौतियों का स्वरूप बदल गया हो, लेकिन पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्य को सामने लाना ही है। उन्होंने फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के दौर में जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।
मंडल अध्यक्ष निवास यादव ने कहा कि पत्रकारिता ने समाज और देश के विकास में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्राकृतिक आपदाओं से लेकर कोरोना महामारी तक हर संकट की घड़ी में पत्रकारों ने जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का कार्य किया है।
जिला अध्यक्ष शहंशाह ने कहा कि वर्तमान समय में सूचनाओं की भरमार है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती सत्य और असत्य के बीच अंतर करने की है। उन्होंने कहा कि पत्रकार की जिम्मेदारी समाज के प्रति बेहद महत्वपूर्ण है और उसे तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रसारित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान थाना सिरौली प्रभारी द्वारा सभी पत्रकार साथियों को पेन एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह यादव, मंडल संरक्षक बी.एस. चंदेल, मंडल अध्यक्ष निवास यादव, मंडल महासचिव राजेश यादव, मंडल सचिव अशोक आर्य, जिला संयोजक सुधीर कुमार शर्मा, जिला प्रभारी आशीष शर्मा, जिला अध्यक्ष शहंशाह, जिला उपाध्यक्ष सूरज सागर, सद्दाम खान, तहसील अध्यक्ष राजकमल चौहान, परशुराम वर्मा, राहुल पाल, अर्जुन दिवाकर, विपिन श्रीवास्तव, रवि साहू, अंशुल कुमार पुष्पक, चंदन शर्मा, भूपेंद्र कुमार, कुणाल आर्य, अन्निकेत कुमार सहित अनेक पत्रकार एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
