शहाबुद्दीन पहुंचे पिपरिया गांव…बोले-मस्जिद ध्वस्त कर उड़ाया कानून का मजाक।

बरेली। भोजीपुरा के पिपरिया गांव में शनिवार को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बताकर प्रशासन ने मस्जिद पर बुलडोजर चला दिया था। रविवार को ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी पिपरिया गांव पहुंचे।

उन्होंने गांव के लोगों से बात की। शहाबुद्दीन ने मीडिया में बयान जारी कर कहा कि मस्जिद पर बुलडोजर चलवाना अन्याय है। खुले तौर पर कानून का मजाक उड़ाया गया है।

मौलाना शहाबुद्दीन ने भोजीपुरा के पिपरिया गांव में जाकर लोगों का दर्द सुना। उन्होंने कहा कि मस्जिद ग्राम समाज की जमीन पर बनी हुई थी मगर 1990 मे ग्राम प्रधान ने मस्जिद के नाम पट्टा कर दिया था।

इसी पट्टे के आधार पर नमाज पढ़ने की व्यवस्था करते हुए टीन शेड डालकर मस्जिद बना ली गयी थी। 2007 मे न्यायालय में मुकदमा चलने लगा। ये मुकदमा उच्चतम न्यायालय इलाहाबाद पहुंचा। इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है।

अभी किसी तरह का कोई निर्णय नही आया है। मौलाना ने कहा कि मस्जिद का प्रकरण न्यायालय मे विचाराधीन होने के वावजूद पुलिस व प्रशासन ने ताकत के जोर पर मस्जिद पर बुल्डोजर चलवा दिया, जो न्यायपूर्ण नहीं है।

मौलाना ने कानून का हवाला देते हुए कहा कि जिस बिल्डिंग पर बुल्डोजर चलाया जाना होता है उसके स्वामी को कम से कम 3 महीना पहले नोटिस दिया जाता है ताकि वह अपना जवाब दे सके। मगर यहां कोई नोटिस नहीं दिया गया बल्कि तोड़ने से 15 मिनट पहले दीवार पर नोटिस चिपकाया गया फिर फोटो खींचकर उसको हटा दिया गया।

जमात के प्रवक्ता डॉ अनवर रजा कादरी ने बताया कि आल इंडिया मुस्लिम जमात का एक प्रतिनिधिमंडल मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के नेतृत्व में सोमवार को आला अफसरान से मुलाकात कर मांग करेगा पिपरिया गांव के मुसलमानो को नमाज पढ़ने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

क्योंकि हफ्ता भर के बाद रमजान का महीना शुरू होने वाला है। इस दौरान ताहिर हुसैन एडवोकेट, शाहिद एडवोकेट, अदनान हुसैन, अनवर रजा कादरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!