बरेली। जिले के अलीगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अलीगंज-सिरौली रोड पर करीब 11 बजे हुआ, जब बुलेट और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।हादसे में ग्राम खैलम देहा जहांगीर निवासी गुलफाम मंसूरी (20) पुत्र अबरार मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं नूर हसन अंसारी पुत्र नूर मोहम्मद भी हादसे में घायल हुए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां हालत नाजुक होने पर परिजन गुलफाम को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
अलीगंज थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
