मिशन शक्ति 5.0 के तहत विशारतगंज में महिला पुलिस की जागरूकता बाइक रैली।

संवाददाता सूरज सागर मझगवा आंवला बरेली।

बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद बरेली के थाना विशारतगंज क्षेत्र में भव्य जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया।

रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं क्षेत्राधिकारी आँवला के पर्यवेक्षण में थाना विशारतगंज से रवाना किया गया।

महिला पुलिस कर्मियों व अधिकारियों के नेतृत्व में निकली यह रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए ग्राम मझगवाँ और बेहटा बुजुर्ग तक पहुंची और पुनः थाना परिसर में समाप्त हुई।

इस दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े संदेशों के साथ आमजन को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में थानाध्यक्ष विशारतगंज, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सहित थाना के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि “मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का आंदोलन है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनाना है।” पुलिस विभाग द्वारा महिला संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, आपात सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 102/108 और फायर सेवा 101 का उपयोग करें।थाना विशारतगंज में मिशन शक्ति डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां महिला पुलिस कर्मियों द्वारा पीड़िताओं को त्वरित व सम्मानजनक सहायता दी जा रही है।

साथ ही महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम और महिला सुरक्षा दल द्वारा क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में नुक्कड़ नाटक, संवाद गोष्ठी और अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!