बंदर की हरकत से फैला 11 हजार वोल्ट का करंट, एक महिला की मौत, कई उपकरण फुंके।

संवाददाता सूरज सागर

बरेली। जनपद बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रौतापुर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, करीब 12:00 बजे एक बंदर द्वारा बिजली के पोल को हिलाने से 11 हजार वोल्ट की लाइन में करंट उतर आया, जिससे पूरे गांव में बिजली का करंट फैल गया।

अचानक करंट फैलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई घरों के विद्युत उपकरण जैसे इनवर्टर, फ्रिज, पंखे, मोटर और बल्ब फुंक गए। हादसे में करंट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूत्रों के अनुसार मृतक महिला की पहचान जसोदा देवी (पत्नी रामसहाय) के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला का नाम सावित्री देवी (पत्नी लेखराज) बताया गया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों होरीलाल, देशराज, लेखराज, हरदत्त सहित कई लोगों ने बताया कि गांव के अंदर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जो पहले भी हादसे का कारण बन चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस लाइन को गांव से बाहर शिफ्ट कराने के लिए कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!