भमोरा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर अपने पुत्र के साथ स्कूल में हुई कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की शिकायत की है।
पीड़ित के अनुसार उनका बेटा क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है।बताया गया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे छात्र परीक्षा देने स्कूल पहुंचा था।
इसी दौरान ड्रेसकोड को लेकर विद्यालय प्रशासन से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान स्कूल स्टाफ ने छात्र के साथ धक्का-मुक्की की।
जब छात्र ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो विद्यालय से जुड़े तीन शिक्षकों ने उसे पकड़कर मारपीट की और एक कमरे में बंद कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि छात्र को करीब तीन घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
इसी दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य भी मौके पर पहुंचे और छात्र के साथ मारपीट करते हुए उसे झूठे आरोपों में जेल भिजवाने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष सनी चौधरी ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है जिस पर जांच की जा रही है, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
