संवाददाता सूरज सागर
बरेली। 2 अप्रैल को बहुजन हक और अधिकारों की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले समस्त शहीदों को विनम्र एवं अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर शहीदों के बलिदान को याद किया और उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता अजय प्रधान, मंडल प्रभारी बरेली मंडल, आजाद समाज पार्टी उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान अतुल वाल्मीकि (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य), पवन सागर (जिला प्रभारी), शिशुपाल सागर, विकास सत्यार्थी, शुभम भारती सहित अन्य साथियों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने कहा कि 2 अप्रैल का दिन बहुजन समाज के लिए संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। इस दिन अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले शहीदों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
