बरेली। नगर पंचायत ठीरिया निजावत खां वार्ड संख्या 10 में पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां बुजुर्ग दंपति ने अपने पुत्र और पुत्रवधू पर मारपीट व उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
पीड़ित मसीत बेग और उनकी पत्नी मुबीन बेगम का कहना है कि उनका बड़ा पुत्र महबूब और उसकी पत्नी गुड़िया शादी के बाद से ही उनके साथ तथा मोहल्ले के लोगों के साथ आए दिन विवाद करते रहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों गलत संगत में पड़ गए हैं, जिसके चलते घर का माहौल लगातार खराब हो रहा है।
पीड़ितों के अनुसार, 18 मार्च 2026 को दिन में मोहल्ले के सामने ही बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें अपमानित किया।
इस घटना में मां को गंभीर रूप से पीटा गया, जिसके बाद थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कराया गया।मसीत बेग ने बताया कि शिकायत के बाद भी दोनों का व्यवहार नहीं बदला और वे जान से मारने की धमकी देने लगे।
इससे आहत होकर दंपति ने अपने पुत्र और पुत्रवधू को चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने 18 मार्च 2026 को जिलाधिकारी को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्रार्थना पत्र भी भेजा है।
पीड़ित ने बताया कि उनके दो पुत्र और पांच पुत्रियां हैं, जिनमें से चार पुत्रियों और दोनों पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्री की शादी शेष है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि उनका पुत्र और बहू किसी प्रकार का लेन-देन या विवाद करते हैं, तो उससे उनका कोई संबंध नहीं होगा।**पुलिस मामले की जांच कर रही है।
